Budaun News: परिचित हो सकते हैं विपिन के हत्यारोपी
परिवार वालों ने किसी से रंजिश होने से किया इन्कार, छानबीन में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। नौली फतुआबाद के विपिन उर्फ दुर्वेश के हत्यारोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। परिवार वालों का कहना है कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है। युवक बहुत ही सीधा-साधा था। वह केवल खेतीबाड़ी में लगा रहता था।
उसहैत थाना क्षेत्र के गांव नौली फतुआबाद निवासी विपिन उर्फ दुर्वेश इकलौता बेटा था। विपिन के पिता दान सिंह दो भाई हैं। उसके चाचा के भी कोई बेटा नहीं है। परिवार में उसकी पत्नी कुंती, दो बेटे और एक बेटी है।
परिवार वालों का कहना है कि युवक मुख्य रूप से खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। वह 15 सितंबर को घास लेने के लिए घर से निकला था लेकिन शाम तक लौटकर नहीं आया। रविवार को थाने जाकर परिवार वालों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शाम के समय एक बाजरे के खेत में उसका शव पड़ा मिला था लेकिन तब तक शव खराब हो चुका था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी हत्या गला दबाकर और सिर में कोई भारी वस्तु मारकर की गई थी। हालांकि पुलिस पहले आत्महत्या का अनुमान लगा रही थी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई।
थाना पुलिस मामले की छानबीन में लगी हुई है लेकिन अब तक यह पता नहीं चला है कि युवक की हत्या किसने और क्यों की। इंस्पेक्टर राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी छानबीन चल रही है। अभी कुछ पता नहीं चला है।