Pilibhit News: दहेज न दे पाने पर टूटा रिश्ता, युवती ने जहर खाकर जान दी
– युवती ने पुलिस से की थी शिकायत, कार्रवाई न होने पर उठाया आत्मघाती कदम
– युवती के भाई ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में पूरनपुर पुलिस पर लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। दहेज में पांच लाख की मांग पूरी न होने पर तय रिश्ता तोड़ दिया गया। तय तारीख पर दूसरी युवती से शादी कर ली गई। इससे क्षुब्ध युवती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवती के भाई ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में पूरनपुर पुलिस पर उसकी बहन की रिपोर्ट न दर्ज करने का आरोप लगाया है।
माधोटांडा थाना के गांव रूदपुर निवासी संत कुमार ने बताया कि उसने अपनी बहन पूजा की शादी एक फरवरी को पूरनपुर कोतवाली के गांव लाह निवासी एक युवक से तय की थी। पांच मई को बरात लेकर आना तय हुआ, लेकिन बरात लाने से कुछ दिन पहले युवक ने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की। तब उसे आश्वासन दिया गया कि जब बरात लेकर आएगा तक उसकी मांग पूरी कर दी जाएगी, लेकिन युवक ने मांग पूरी न होने पर बरात लाने से इनकार कर दिया। तय तारीख पर युवक ने दूसरी युवती से शादी कर ली।
संत कुमार ने बताया कि बहन पूजा ने इसकी शिकायत पूरनपुर कोतवाली पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि इससे क्षुब्ध होकर उसकी बहन ने शुक्रवार को जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पूजा को गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। माधोटांडा पुलिस ने पूजा के शव को पोस्टमार्टम को भेजा है।
बोले इंस्पेक्टर- नहीं आई कोई शिकायत, आरोप झूठे
इंस्पेक्टर माधोटांडा वीरेश कुमार ने बताया कि युवती या उसके परिजन की तरफ से पहले कोई शिकायत नहीं की गई न कोई थाने आया। रविवार को भी पूरनपुर सीएचसी से मेमो आया तब पुलिस अस्पताल पहुंची। यहां पता चला कि परिजन शव को घर ले गए हैं। इसके बाद पुलिस घर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बकौल इंस्पेक्टर, उन्हें युवती की बीमारी से मौत होना बताया गया। कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।