जूलूस के दौरान न बरती जाए लापरवाही : एडीजी

शहर की कोतवाली क्षेत्र का भ्रमण करते अपर पुलिस महानिरीक्षक पीसी मीना । स्रोत – पुलिस विभाग
पीलीभीत। वाराबफात जुलूस में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार देर शाम अपर पुलिस महानिदेशक पीसी मीना ने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद सदर कोतवाली क्षेत्र में पैदल गश्त कर लोगों से शांति कायम रखने की अपील की। पुलिस अफसरों को वाराबफात जुलूस के दौरान लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
अपर पुलिस महानिदेशक ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी, गैंगस्टर एक्ट एवं भूमाफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई आदि की समीक्षा की। अफसरों को दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा धर्मांतरण के पंजीकृत अभियोगों में प्रभावी कार्रवाई, लूट, पांच वर्षों में चोरी, नकबजनी, चेन स्नेचिंग, लूट आदि की घटनाओं के बारे में भी जानकारी ली। गोकशी के मामले में अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी करने के सख्त निर्देश दिए। इसके बाद एडीजी कोतवाली क्षेत्र में गए। जिस रास्ते से वाराबफात का जुलूस निकलना था उसे देखा।
लंबित न रहे शिकायतें
समीक्षा के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक पीसी मीना ने निर्देश दिए कि आईजीआरएस व आईटीएसएसओ पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। किसी भी दशा में शिकायते लंबित नहीं रहनी चहिए। साथ ही कहा कि थानों में साफ-सफाई के साथ ही फाइलों का रख-रखाव बेहतर होना चाहिए।