Budaun News: सोत नदी में पड़ा मिला महिला का शव, हत्या की आशंका

उसहैत में सोत नदी में महिला का शव मिलने के बाद मौके पर छानबीन करती पुलिस। संवाद
शनिवार शाम तक नहीं हो पाई पहचान, छानबीन में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
उसहैत (बदायूं)। कस्बे में कच्चा पुल के नजदीक सोत नदी में शनिवार सुबह एक महिला का शव उतराता मिला। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है, ऐसे में उसका चेहरा पहचान में नहीं आ सका। महिला सलवार सूट पहने है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
शनिवार सुबह कस्बे के कुछ बच्चे कच्चा पुल की ओर खेलने गए। तभी उन्होंने सोत नदी में एक महिला का सड़ागला शव देखा। इस कारण काफी दूर तक दुर्गंध भी आ रही थी। कस्बे के बच्चों ने महिला का शव देखकर आसपास के लोगों को जानकारी दी, जिससे वहां काफी भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। बाद में पुलिस ने कुछ लोगों की मदद से महिला के शव को नदी से बाहर निकलवाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी कुछ दिन पहले भी एक व्यक्ति का सोत नदी में शव पड़ा मिला था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि महिला की हत्या कर शव यहां फेेंका गया है।