बदायूं

Budaun News: उघैती में थाने के सामने सिपाही ने दुकानदार को पीटा, लाइनहाजिर

Connect News 24

शुक्रवार रात शराब पीकर आया था सिपाही, सीओ की सूचना पर एसएसपी ने की कार्रवाई

संवाद न्यूज एजेंसी

उघैती (बदायूं)। शुक्रवार रात उघैती थाने के सामने सिपाही ने एक दुकानदार के साथ मारपीट की, जिससे थाने के सामने काफी हंगामा हो गया। सूचना पर सीओ सहसवान भी पहुंच गए। बताया जा रहा है कि सिपाही शराब के नशे में था। सीओ की रिपोर्ट पर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने रात में ही सिपाही को लाइनहाजिर कर दिया।

शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे प्रशांत गुप्ता अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। बताते हैं कि थाने के सामने एक दिन पहले एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इससे मृतक के घर पर लोगों का आना-जाना लगा था। शुक्रवार रात भी तमाम लोग मृतक के परिवार वालों को सांत्वना देने आए थे।

रात करीब 10:30 बजे थाने में तैनात सिपाही गौरव यादव शराब के नशे में प्रशांत की दुकान पर पहुंचा। वह अक्सर प्रशांत की दुकान पर आता-जाता था। उसकी हंसी-मजाक भी चलती थी लेकिन रात वह शराब के काफी नशे में था।

उसने वहां बैठे लोगों से पूछताछ करते हुए हड़काना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की लेकिन सिपाही नहीं माना। यह देखकर प्रशांत भी पहुंच गए। उन्होंने भी सिपाही को समझाने की कोशिश लेकिन उसने प्रशांत के साथ ही मारपीट कर दी।

इसपर वहां मौजूद लोगों ने हंगामा कर दिया। थाने के बाहर शोर-शराबा सुनकर इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भी पहुंच गए। सूचना पर सीओ पवन कुमार भी आ गए। उन्होंने भी सिपाही को काफी समझाया लेकिन वह नहीं माना। सीओ ने तुरंत एसएसपी डॉ. ओपी सिंह को सूचना दी। एसएसपी ने सिपाही को उसी समय लाइनहाजिर कर दिया। इस बात की पुष्टि इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने भी की।

सीएम ड्यूटी से आया था सिपाही, नहीं कराई थी आमद

शुक्रवार को पीलीभीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आए थे। सिपाही गौरव यादव की वहीं ड्यूटी लगाई गई थी। मुख्यमंत्री के जाने के बाद सिपाही भी थाने आ गया था लेकिन उसने आमद नहीं कराई। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सिपाही लोगों को अक्सर दबंगई दिखाता है। इससे लोग ज्यादा परेशान हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button