Budaun News: शादी समारोह में हलवाई की मैरिज हॉल में सिर कुचलकर हत्या

09बीडीएन22-मृतक आशीष प्रताप सिंह का फाइल फोटो।
– अलापुर थाना क्षेत्र के म्याऊं स्थित मैरिज हॉल की दूसरी मंजिल पर दिया गया घटना को अंजाम
– एसएसपी ने किया घटनास्थल का मुआयना, एक नामजद कई अज्ञात पर एफआईआर दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
अलापुर/म्याऊं। अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा म्याऊं स्थित एक मैरिज हॉल में शादी समारोह में खाना बनाने आए हलवाई की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने घटनास्थल का मुआयना कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर एक नाजमद समेत कई अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। नामजद हत्यारोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
सोमवार की रात उसहैत थाना क्षेत्र के गांव लीला नगला निवासी राजेश यादव की बेटी की शादी थी। शादी समारोह कस्बा म्याऊं स्थित एक मैरिज हॉल में था। शादी में उसहैत थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा जलालपुर निवासी 26 वर्षीय आशीष प्रताप सिंह पुत्र अवधेश सिंह अपने गांव के ही सुनील कुमार और उसके साथियों के साथ खाना बनाने आया था।
शादी समारोह में खाना बन रहा था, इसी दौरान शाम के समय आशीष का उसके साथी अखिलेश राठौर से विवाद हो गया। विवाद होने पर उनके साथी सुनील कुमार ने बीच बचाव कर मामला शांत कर दिया। रात में आशीष सोने के लिए मैरिज लॉन की दूसरी मंजिल पर सोने चला गया। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। सुबह को आशीष दिखाई नहीं दिया तो उसके साथियों ने उसे तलाशना शुरू कर दिया। छत पर जाकर देखा तो सभी हैरत में पड़ गए। छत पर खून से लथपथ आशीष का शव पड़ा हुआ था। उसके सिर से खून बह रहा था।
घटना की जानकारी मृतक के परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाने के बाद घटना की जानकारी एसएसपी को दी तो वह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। एसएसपी के साथ फोरेंसिक टीम और एसओजी भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के पिता अवधेश की तहरीर पर अखिलेश राठौर और उसके कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर नामजद आरोपी की तलाश शुरू की।
हत्यारोपी अखिलेश की गिरफ्तारी को चार टीमें गठित
आशीष हत्याकांड के नामजद आरोपी अवधेश की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देश पर चार टीमों का गठन किया गया है। स्वॉट टीम को भी शामिल किया गया है। सभी टीमें अलग-अलग दिशा में आरोपी की तलाश कर रही हैं।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था। मृतक के पिता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। नामजद आरोपी की गिरफ्तारी को टीमों का गठन किया गया है।
– एके श्रीवास्तव, एसपी सिटी

09बीडीएन22-मृतक आशीष प्रताप सिंह का फाइल फोटो।

09बीडीएन22-मृतक आशीष प्रताप सिंह का फाइल फोटो।



