Budaun News: छात्रा से सरेराह छेड़खानी, विरोध करने पर भाई और चाचा को पीटा
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Wed, 11 Oct 2023 01:13 AM IST
बिल्सी। शोहदों पर लगाम कसने के लिए सरकार का रवैया सख्त है। समय-समय पर शासन स्तर से पुलिस को आदेश भी जारी होते हैं, लेकिन पुलिस की शिथिलता से शोहदे अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। मंगलवार को थाना क्षेत्र के एक गांव में दसवीं की छात्रा से शोहदों ने न केवल छेड़खानी की, बल्कि विरोध करने पर उसके भाई और चाचा को बुरी तरह पीट दिया। चाचा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिल्सी क्षेत्र के एक गांव के इंटर कॉलेज में दसवीं में पढ़ने वाली छात्रा मंगलवार को छुट्टी होने पर कॉलेज से अपने घर जा रही थी, तभी रास्ते में उसे गांव के दो युवकों ने रोक लिया और छेड़खानी करने लगे। पीछे आ रहे छात्रा के भाई ने विरोध किया तो शोहदों ने उसकी पिटाई कर दी।
भाई-बहन ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसी बीच दोनों शोहदे अपने कुछ साथियों को लेकर छात्रा के घर पहुंच गए और उसके भाई व चाचा को बुरी तरह पीटा। चाचा के सिर पर ईंट से प्रहार कर दिया। इससे वह लहुलुहान हो गए। शोर मचाने पर आरोपी भाग निकले। परिजन घायल चाचा को बिल्सी सीएचसी ले गए, वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कह रही है।