Pilibhit News: हाथियों ने फिर खेतों में घुसकर गन्ने और केले की फसल रौंदी

हाथियो ने तोड़ा जंगल किनारे बना वन विभाग का मचान ।
एक महीने से मचा रहे उत्पात, मूकदर्शक बना है वन विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। मैलानी जंगल से हाथियों के निकलकर रात को खेतों में आकर गन्ने व केले की फसल खाने और रौंदने का सिलसिला शुक्रवार रात को भी जारी रहा। हाथियों ने गांव सुल्तानपुर और जगदीशपुर गौटिया के चार किसानों के खेतों में घुसकर फसल बर्बाद कर दी। जंगल किनारे बने वन विभाग के मचान को भी तहस-नहस कर दिया। हाथी कई दिनों से जंगल से निकलकर खेतों में पहुंचकर फसलें रौंद रहे हैं। मगर वन विभाग हाथियों को रोकने में अब तक नाकामयाब रहा है।
हाथी सालों से क्षेत्र में आते थे और एक-दो दिन रुक कर चले जाते थे। लेकिन इस बार करीब एक महीने से हाथियों के मैलानी के जंगल से निकलकर सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव के समीप खेत में पहुंचकर गन्ने, केले की फसलें खाने के साथ रौंद कर खराब करने का सिलसिला जारी है।
मैलानी और खुटार रेंज के अफसर सीमा विवाद को लेकर हाथियों को खदेड़ने की ठोस कोशिश नहीं कर रहे हैं। खुटार रेंज के अफसर हाथियों के उत्पात वाले क्षेत्र को मैलानी रेंज का इलाका बता रहे है। जबकि मैलानी रेंज के अफसरों का कहना है कि उनके इलाके में मात्र जंगल है।
आबादी का क्षेत्र खुटार रेंज में आता है। हालांकि मैलानी रेंज के वन दरोगा राजाराम तिवारी के नेतृत्व में एक निगरानी टीम जरूर बनाई गई है। इधर, शुक्रवार रात को जंगल से निकले हाथियों ने गांव सुल्तानपुर निवासी भूपराम, सूरज, धर्मपाल के गन्ने के खेतों में घुसकर फसल खाईं और रौंद डालीं।
गांव जगदीशपुर गौटिया निवासी प्रदीप की भी गन्ने की फसल को खाया और रौंदा। जंगल किनारे बने वन विभाग के मचान को तहस नहस कर दिया।

हाथियो ने तोड़ा जंगल किनारे बना वन विभाग का मचान ।