Budaun News: दोस्तों के साथ घूमने निकली किशोरी, पुलिस ने रोका तो अपहरण का शोर मचाया
बदायूं। शहर में बृहस्पतिवार रात दो युवकों के साथ घूमने निकली किशोरी ने पुलिस के रोकने पर अपहरण का हल्ला मचा दिया। पुलिस तीनों को उन्हें कोतवाली ले गई, लेकिन किशोरी के परिवार वालों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया। शुक्रवार देर शाम तक दोनों युवक कोतवाली में बैठे रहे।
शहर के एक मोहल्ले की 17 वर्षीय लड़की दूसरे समुदाय के दो युवकों के साथ बाइक पर घूमने निकली थी। उस वक्त सिविल लाइंस पुलिस शहर में भ्रमण कर रही थी। जब पुलिस ने एक लड़की को दो युवकों के साथ बाइक पर घूमते देखा तो उन्हें रोक लिया। इससे किशोरी घबरा गई और युवकों पर अपहरण का आरोप लगाने लगी। कहा, दो दिन पहले रामलीला मेले में दोनों युवक मिले थे। उन्होंने अपने हिंदू नाम बताए। बृहस्पतिवार रात वह जागरण में जा रही थी, तभी दोनों युवकों ने उसे कॉल करके बुलाया और उसका अपहरण कर लिया।
यह सुनकर सिविल लाइंस पुलिस ने तीनों को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने किशोरी के परिवार वालों को बुलाया और किशोरी को उन्हें सुपुर्द कर दिया लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया। परिवार वालों का कहना है कि दोनों युवक उनके पड़ोसी हैं। वह कोई कार्रवाई नहीं करना चाहते हैं। इंस्पेक्टर कोतवाली ब्रजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को जानते हैं।



