Rampur News: लंबी पूछताछ के बाद लौटीं आयकर टीमें
रामपुर। आयकर विभाग की टीम किसी ठेकेदार से 24 तो किसी से 25 तो किसी से 35 घंटे तक पूछताछ करती रही। आयकर की कार्रवाई के दौरान ठेकेदारों के साथ ही उनके करीबियों की भी सांसे अटकी रहीं। पूछताछ का काम समाप्त करने के बाद टीम उनके घरों से बाहर निकलकर रवाना हो गई।
सपा नेता आजम खां के जौहर ट्रस्ट से लेनदेन और सपा शासन में कराए गए निर्माण कार्यों में आयकर की चोरी की आशंका को लेकर आयकर विभाग ने आजम खां के करीबी ठेकेदारों पर शिकंजा कसा है। टीमों ने शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे एक साथ कार्रवाई शुरू की जो कि रात भर जारी रही। घंटो की पूछताछ के बाद ठेकेदार शिराज के घर से टीम सुबह करीब छह बजे निकल गई। इसके बाद सुबह नौ बजे यह टीम मिलक के भाजपा नेता एवं ठेकेदार नन्हे राम पांडे के आवास से बाहर निकल आई। इससे पहले टीम ने सभी मोबाइल जब्त कर लिए तथा उनसे पूछताछ करने लगे थे। इसी तरह घेर तोंगा निवासी गालिब नूर, अनोखे अली के आवास से यह टीम दोपहर के बाद निकल आई। शाम को फरहत अली के आवास से भी टीम निकल गई। टीम के निकलने के बाद इन लोगों ने राहत की सांस ली है।
भाजपा नेता ने मांगा आईटी अफसरों से सुबूत
मिलक। आयकर विभाग की टीम जब उनके आवास पर पहुंची तो भाजपा नेता नन्हे राम पांडे ने अफसरों से पूछ लिया कि हम कैसे मान ले कि आप आयकर विभाग के अधिकारी हैं। इस पर टीम ने पुलिस को बुला लिया। संतुष्टि के बाद नन्हे राम पांडे ने टीम को घर में प्रवेश कर कर सर्च करवाया । 9 सदस्य टीम 25 घंटे घर में घुसकर तलाशी तथा परिजन से पूछताछ की और शनिवार की सुबह 10:00 बजे टीम वापस लौट गई टीम के वापस लौट के बाद नन्हे राम पांडे के आवास पर उनके शुभचिंतकों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सपा शासन में भाजपा नेता पर भी मेहरबानी थी
रामपुर। सपा शासन में भाजपा नेता नन्हे राम पांडे ने करोड़ों रुपये के काम कराए थे। सपा नेता आजम खां के करीबी एक कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाने वाले कारोबारी के करीबी पांडे बताए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेता का बड़ा कारोबार है। उनकी कंस्ट्रक्शन कंपनी भी है साथ ही नन्हे राम पांडे भारतीय जनता पार्टी में एक लंबे समय कार्य कर रहे हैं। और अन्य जनपदों में भी ठेकेदारी का कार्य करते हैं। पीडब्ल्यूडी के साथ अन्य विभागों में भी में नन्हें राम पांडे द्वारा कार्य किए जाते हैं और पिछले काफी लंबे समय से रामपुर में ए ग्रेड के ठेकेदारों में इनकी गिनती होती है और अनेकों बड़े-बड़े ठेके के कार्य रामपुर में उनके द्वारा किए गए हैं।
मोहित सक्सेना


