Rampur News: खेत में अधजला शव मिलने के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज
रामपुर। क्षेत्र के खौदकला में युवक शुक्रवार रात खेत में गांव निवासी पोपी (40) पुत्र सुंदरलाल का लहूलुहान अधजला शव मिलने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस हत्याकांड के खुलासे के लिए गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। संदेह के आधार पर पुलिस ने गांव के कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि, परिजनों ने किसी भी रंजिश से इन्कार किया है। शुक्रवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे मसवासी चौकी क्षेत्र के गांव खौदकला के जंगल में भीमसेन के खेत में पोली का शव मिला था। गर्दन पर धारदार हथियार के प्रहार के निशान थे और शव अधजला हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। बाद में एसपी राजेश द्विवेदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक के भाई वीरेंद्र मौर्य की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। कोतवाल कोमल सिंह ने बताया कि कुछ सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
::::::::::::::::::::::::::
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
पोपी हत्याकांड में पुलिस सीसीटीवी कैमरे के सहारे हत्यारोपियों की तलाश में लगी है। पुलिस ने पोपी के पड़ोसी को हिरासत में लिया है। उसे उसका दोस्त बताया जा रहा है। शुक्रवार देर शाम पोपी उसकी बाइक पर बैठकर जाता दिखाई दिया है। इसी के आधार पर पुलिस हत्या का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
शराब पीने के दौरान हुए विवाद में हत्या की आशंका
ग्रामीणों में चर्चा है कि पोपी शराब पीता था। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दोस्तों ने हत्या कर दी। बाद में सुबूत मिटाने के लिए पुआल से शव को जलाने का प्रयास किया गया। पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।


