Rampur News: गैरहाजिर तीन बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई के आदेश
रामपुर। राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने शनिवार को बिलासपुर के दो स्कूलों में पहुंचकर पांच बूथों का निरीक्षण किया, जहां तीन बीएलओ गैर हाजिर मिले। राज्यमंत्री ने खंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर बुलाकर नाराजगी जाहिर की और एसडीएम को तीनों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।राज्यमंत्री ने शनिवार की दोपहर के बूथ संख्या 85 प्राथमिक विद्यालय द्वितीय और बूथ संख्या 86 श्री गुरुनानक कन्या इंटर काॅलेज के पांचों बूथों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों स्कूलों के पांचों बूथों पर तीन बीएलओ गैरहाजिर पाए गए। राज्यमंत्री ने बीएलओ के गैरहाजिर होने की जब जानकारी चाहिए तो प्राथमिक विद्यालय द्वितीय की एक बीएलओ का चिकित्सकीय अवकाश पर होना बताया गया, जबकि गुरु नानक कन्या इंटर कॉलेज के बूथों से गायब दो बीएलओ के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
राज्यमंत्री ने तुरंत खंड शिक्षा अधिकारी मजहरूल इस्लाम को मौके पर बुलाया और तीनों गायब बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। राज्यमंत्री ने उप जिलाधिकारी हिमांशु उपाध्याय को भी फोन पर तत्काल तीनों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान राज्यमंत्री ने सभी से अधिक से अधिक मतदाता पहचान पत्र बनवाने का निवेदन किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष चेतन परुथी, महिला मोर्चे की मंडल अध्यक्ष मधुबाला गुगलानी, सभासद राजू तनेजा, परमजीत कौर, बलविंदर सिंह, पवन रस्तोगी, दिनेश शर्मा बूथ अध्यक्ष, अमित गुप्ता बूथ अध्यक्ष, किरनजीत और आदि मौजूद रहे।


