Rampur News: धोखाधड़ी की धारा हटाने के नाम पर रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Wed, 08 Nov 2023 01:42 AM IST
रामपुर। धोखाधड़ी समेत कूटरचित अभिलेख के आरोपों की धाराएं हटाने और गिरफ्तारी न करने के नाम पर दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गंज थाने की चौकी पाखड़ के चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार को एंटी करप्शन की टीम ने मंगलवार को रंगेहाथ चौकी में ही गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन की टीम उन्हें सिविल लाइंस थाने ले गई, जहां पर दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह मामला गंज थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। क्षेत्र के मुहल्ला घेर पीपलवाला अकरम खां ने एंटी करप्शन टीम की मुरादाबाद इकाई से दरोगा की रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। जिसके बाद एंटी करप्शन टीम मुरादाबाद के निरीक्षक शैलेंद्र कुमार, विनोद कुमार और नवल कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को दोपहर के वक्त रामपुर पहुंची। गंज थाने की चौकी पाखड़ पहुंचकर घेराबंदी कर दी। टीम ने शिकायतकर्ता अकरम को चौकी भेजा और चौकी इंचार्ज को दस हजार रुपये की रिश्वत दी गई। जैसे ही दरोगा ने दस हजार रुपये की रिश्वत ली वैसे ही टीम ने दरोगा को रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम दरोगा को पकड़ कर सिविल लाइंस थाने ले गई। अकरम की शिकायत पर पुलिस ने दरोगा के खिलाफ दस हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
गंज थाना क्षेत्र के घेर पीपलवाला निवासी अकरम खां ने बताया कि कुछ साल पहले उनके साले ने कुछ लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद पुलिस ने दूसरे पक्ष की ओर से उनके व उनके साले के खिलाफ गंज थाने में जमीन के विवाद को लेकर धोखाधड़ी व कूटरचित दस्तावेज रखने के आरोप में मुकदमा दर्ज करा दिया था। उसका कहना था कि चौकी पाखड़ इंचार्ज इस मुकदमे की धारा 467 हटाने के साथ ही उनकी गिरफ्तारी न करने के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। जिस पर उसने इस मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। जिसके बाद दरोगा को दस हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। अकरम का कहना था कि पुुलिस ने उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया था।


