Rampur News: 9.63 लाख के गबन में फंसे प्रधान व सचिव
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Wed, 08 Nov 2023 01:43 AM IST
रामपुर। शाहबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत नानकार के प्रधान व सचिव विकास कार्यों में की गई अनियमितताओं में फंस गए हैं। एक शिकायत पर की गई जांच में इन दोनों को 9.63 लाख रुपए के गबन का दोषी पाया गया है। डीएम की ओर से इनको पत्र जारी कर सप्ताह भर के अंदर जवाब मांगा गया है।
गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने 14 सितंबर को शपथ पत्र के साथ साक्ष्यों सहित ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव की शिकायत करते हुए ग्राम पंचायत में हो रहे विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाया था। इसके बाद डीएम के निर्देश पर जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की थी। जांच के दौरान ग्राम पंचायत में मनरेगा की ओर से कराए गए खेल मैदान, इंटरलॉकिंग कार्य और चकबंद मिट्टी निर्माण कार्य में अनियमितताएं मिली। कार्यों का मूल्यांकन करने पर कुल 9.63 लाख शासकीय धनराशि का दुरुपयोग पाया गया।
जिस पर ग्राम प्रधान यादराम और पंचायत सचिव मेघराज गौतम को दोषी मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में संबंधित से साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से एक सप्ताह में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अन्यथा इन पर कार्रवाई की जाएगी। एक अन्य प्रकरण में मिलक ब्लॉक की ग्राम पंचायत कल्याणपुर की ग्राम प्रधान नन्हीं बेगम को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ है। इन पर तय अवधि में पंचायत भवन निर्माण का काम पूरा नहीं करने का आरोप है। इनसे भी जवाब मांगा गया है।

