Rampur News: डीएम-एसपी ने पकड़े खनन में लगे चार डंपर
स्वार। अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों की जांच व धरपकड़ के लिए जिला अधिकारी रविन्द्र मॉदड़ और पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी को मैदान में उतरना पड़ा। अधिकारी द्वैय ने स्थानीय अफसरों को साथ लेकर अभियान चलाते हुए खनन के लदे चार डंपरों को पकड़ लिया। चारों वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई है।
खनन के ओवरलोड वाहन समेत अन्य भार वाहनों को दिन के समय में आबादी के भीतर से गुजरने पर प्रतिबंध लगाया गया है। जिला अधिकारी के आदेश पर सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक नो एंट्री का समय है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से सोमवार की लगभग आधी रात अवैध खनन, ओवरलोड और रॉयल्टी चोरी की धरपकड़ के लिए खुद मोर्चा संभाल लिया। दोनों अधिकारियों ने स्थानीय अधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ एक के बाद एक क्रमशःमसवासी चेकपोस्ट और मुरसैना चेकपोस्ट पर चेकिंग की। इस दौरान पुलिस बल की ड्यूटी को चैक किया गया।
इसके बाद डंपरों समेत अन्य वाहनों को रोक कर जांच की गई। तीन डंपरों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और एक डंपर चालक 10 घंटे लेट रॉयल्टी के साथ गंतव्य की ओर जाता पाया गया। इसके चलते चारों डंपरों को सीज कर दिया गया। कार्रवाई के भय से चालकों ने जांच स्थल ने पहले ही वाहन साइड से लगा कर खड़े कर दिए। अधिकारियों के चले जाने के बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। चेकिंग के दौरान एसडीएम स्वार अवनीश कुमार, सीओ अनुज राजपूत, तहसीलदार आकाश संत, कोतवाल कोमल सिंह, मसवासी चौकी प्रभारी, नायब तहसीलदार मानवेन्द्र सिंह यादव, अंकित तिवारी आदि भी रहे।


