Rampur News: दो दिन का सीएचसी का निरीक्षण कर एनक्यूएएस की टीम दिल्ली हुई रवाना
बिलासपुर। केंद्र सरकार द्वारा गठित नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड(एनक्यूएएस) की कायाकल्प की दो सदस्यीय टीम ने मंगलवार को दूसरे दिन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर एनक्यूएएस अवार्ड के लिए मानकाें को परखा। दो दिन का निरीक्षण करने के बाद टीम मंगलवार की रात को दिल्ली रवाना हो गई।
एनक्यूएएस की दो सदस्यीय राजस्थान के डा वी के जैन व केरल की डा जासली जान की टीम सोमवार की सुबह दिल्ली से यहां सीएचसी पहुंची थी। टीम के सदस्यों ने सोमवार को भी पूरे दिन अस्पताल का निरीक्षण करके फीडबैक लेना शुरु किया था। सीएचसी अधीक्षक डा अजीज हसन अंसारी के अनुसार टीम ने मंगलवार की सुबह से दूसरे दिन भी प्रति बैड डॉक्टर और नर्स की संख्या, ओटी में एयर फिल्टर, तापमान, इंफेक्शन कंट्रोल के उपाय,क्लीनिकल सेवाएं, इंफ्रास्ट्रक्चर, पेसेंट वेटिंग एरिया, अस्पताल में वेंटीलेशन, सफाई व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, बायो वेस्टेज, आक्सीजन आदि बिंदुओं पर निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह टीम शाम तक अस्पताल की व्यवस्थाओं को व अभिलेखों को परखती रही। इसके बाद शाम को टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उन्होंने बताया के टीम दिल्ली पहुंचकर केंद्र को अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी। इसके बाद सर्वे में यदि उनका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पास होता है तो अस्पताल को दस लाख रुपए की धनराशि मिलेगी। जिससे अस्पताल में मरीजों के लिए अतरिक्त सुविधाएं दी जा सकेंगी। अस्पताल का फंड बढ़ने के साथ अस्पताल में संसाधन भी बढ़ेंगे। इस मौके पर डा प्रशांत कुमार, डा अजीज हसन अंसारी, डॉ वी के शर्मा, डॉ मणिक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।


