Bareilly News: दुल्हन के आभूषण न लाने पर भिड़े वर-वधू पक्ष
सिरौली (बरेली)। दुल्हन के लिए सोने के आभूषण नहीं लाने पर वर और वधू पक्ष में नोकझोंक के बाद मारपीट हो गई। बिचौलिये पर ईंट से हमला किया गया। इसके बाद बिना दुल्हन के ही बरात को खाली हाथ रामपुर लौटना पड़ा। लड़की की मां ने दहेज मांगने व मारपीट के आरोप में आठ लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
सोमवार की रात कस्बे के मोहल्ला प्यास में रामपुर के शाहबाद से बरात आई थी। घरातियों ने बरात का स्वागत और खातिरदारी की। रात दो बजे निकाह की बारी आई तो वधू पक्ष ने वर पक्ष पर आभूषण नहीं लाने को लेकर नाराजी जताई। बिचौलिया इकराम अंडा वालों ने कहा कि यह तय नहीं था। इतना सुनते ही वधू पक्ष के मेहमानों भड़क गए और किसी ने इकराम पर ईंट फेंक दी। इसके बाद दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई।
सूचना पर 112 पुलिस पहुंची और बीच-बचाव कराया। शाहबाद चेयरमैन वसीम खां समेत तमाम लोगों ने सुलह की कोशिश की, लेकिन नाकाम रही। निकाह नहीं हो सका। मंगलवार सुबह बरात बिना दुल्हन के ही लौट गई। लड़की की मां ने तहरीर में बताया कि दूल्हा बाइक, वाॅशिंग मशीन, कोट-पेंट नहीं होने के कारण बौखला गया। उसने दहेज मांगने व मारपीट के आरोप में दूल्हा के पक्ष के आमिर, बोरे, इकराम, इमरान, इस्लाम, अफरोज, फिरोज, इखलास के खिलाफ तहरीर दी है। उसने पुलिस पर भी मदद नहीं करने का आरोप लगाया। कहा कि न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगी।
उधर, दूल्हे के पिता ने बताया कि मारपीट की शुरुआत लड़की पक्ष ने बिचौलिये पर हमला कर की। हमने कोई दहेज नहीं मांगा। हम अभी भी बिना दहेज के दुल्हन को ले जाने के लिए तैयार हैं। सिरौली के थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
दूल्हे का रंग काला, दुल्हन ने निकाह से किया इन्कार
शाहबाद (रामपुर)। शाहबाद के मोहल्लेवासियों ने बताया कि दूल्हा का रंग काला होने पर दुल्हन और उसके परिजनों ने शादी से इन्कार कर दिया। इसी बात को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच जमकर मारपीट हो गई।
बताया कि निकाह के समय दूल्हा को देखकर दुल्हन और परिजनों ने निकाह से इन्कार कर दिया। दूल्हा पक्ष की ओर से वजह जानने के बाद खलबली मच गई। देर शाम दोनों पक्ष में मारपीट हो गई, इमसें कई महिलाएं भी चोटिल हो गई। बताया कि दूल्हा और उसके परिजनों को दुल्हन पक्ष के लोगों ने बैठालकर बंधक बना लिया। हालांकि दुल्हन पक्ष के लोगों का यह भी कहना था कि दूल्हा पक्ष के लोग जो जेवरात लेकर आए थे। वह सोने और चांदी का नहीं, बल्कि नकली था। चर्चा यह भी आम थी कि दूल्हे का रंग काला होने पर निकाह से इन्कार किया गया था।
मंगलवार को दुल्हन पक्ष के लोग बरेली एसएसपी के यहां पहुंचे। जानकारी करने पर पता लगा कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग करने का आरोप दूल्हा पक्ष पर लगाया है। इसकी तहरीर भी सिरौली थाने में दी गई है। संवाद



