Bareilly News: एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने किया घेराव, बैकफुट पर विवि प्रशासन
बरेली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के (एबीवीपी) सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय का घेराव किया। मुख्य द्वार पर नारेबाजी की। प्रशासनिक भवन के सामने बैठकर प्रदर्शन किया। 15 सूत्री ज्ञापन कुलपति को सौंपा। इसके बाद विवि प्रशासन दबाव में आ गया। कुलपति ने कई मांगें मान लीं। शेष मांगों पर भी विचार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ता विवि परिसर से हटे।
बरेली के साथ ही बदायूं और पीलीभीत के एबीवीपी कार्यकर्ता व पदाधिकारी सुबह से ही बसों के जरिये विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने आंदोलन समिति के संयोजक रचित शर्मा के नेतृत्व में हाथों में झंडा लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रशासनिक भवन के सामने धरना दिया। बाद में पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में कुलपति प्रो. केपी सिंह को ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अंकित पटेल ने बताया कि कुलपति ने जल्दी ही सभी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया है। महानगर मंत्री श्रेयांश वाजपेयी ने बताया कि मांगें नहीं मानी गईं तो इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान विभाग संयोजक पीलीभीत अरुण पांडे, विभाग संगठन मंत्री नितिन माहेश्वरी, महानगर संगठन मंत्री अवनी यादव उपस्थित रहीं।
एबीवीपी ने सेमेस्टर परीक्षा के लिए शुल्क लिए जाने का विरोध किया है। मांग की है कि जिन विद्यार्थियों से अतिरिक्त शुल्क लिया गया है, उसकी वापसी की जाए। परीक्षा फार्म भरने से पूर्व विवि की ओर से प्रत्येक कक्षा के लिए निर्धारित परीक्षा शुल्क नोटिस में दर्शाया जाए। नवीन परीक्षार्थियों से नामांकन शुल्क एक बार ही लिया जाए। विवि में प्रवेश, परीक्षा और परिणाम के ऑनलाइन कार्य के लिए सॉफ्टवेयर विकसित कराए जाएं। प्रवेश से लेकर उपाधि प्रदान करने तक का कैलेंडर घोषित कराने समेत 15 मांगें हैं।
ज्ञापन में शामिल अधिकतर समस्याओं का निराकरण कर दिया गया है। शेष समस्याओं के निस्तारण के लिए विवि के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। भविष्य में समस्याओं के निस्तारण के लिए विवि के एक अधिकारी व एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री को आपस में कनेक्ट किया गया है। इससे समयबद्ध तरीके से समस्याओं का निस्तारण हो सकेगा। – डॉ. अमित सिंह, मीडिया प्रभारी, रुविवि


