मिलावट की आशंका : 869 किग्रा खाद्य सामग्री जब्त, 12 नमूने भरे
बरेली। त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। मंगलवार को मिलावट की आशंका पर 869 किग्रा खाद्य सामग्री जब्त की। वहीं, 1.80 लाख रुपये का माल सीज किया गया। 112 नमूने भी भरे गए।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय अपूर्व श्रीवास्तव के मुताबिक टीम ने आलमपुर देवचरा से दूध के तीन नमूने लिए और 65 लीटर दूध नष्ट कराया, आनंद डेयरी से 3,500 रुपये मूल्य का दूध जब्त कर नष्ट कराया। बदायूं रोड चांडपुर से पतीसा (मिठाई) का एक नमूना भरा। 240 किग्रा माल सीज किया। मैसर्स हिमांशु ट्रेडर्स से सरसों के तेल का एक नमूना लिया और 292 लीटर सरसों का तेल सीज किया। ठिरिया निजावत खां से चायपत्ती का नमूना लिया और 202 किग्रा चायपत्ती सीज की।
दिवाकर आटा चक्की तुलाशेरपुर से सरसों के तेल (खुला) का नमूना लिया और 70 किग्रा सरसों का तेल (खुला) सीज किया। पाल आटा चक्की राजेंद्रनगर से सरसों के तेल का नमूना लिया। रतन स्वीट्स, राजेंद्रनगर से छेना मिठाई का, फौजी ढाबा फरीदपुर से तैयार दाल मखनी व पनीर का एक-एक सैंपल लिया। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।



