Bareilly News: फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र लगाकर निकाल लिए 71 हजार रुपये
बरेली। फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र लगाकर महिला के बैंक खाते से 71,187 रुपये निकाले गए। शेरगढ़ ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी की जांच में इसकी पुष्टि हुई। अब कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जा रही है।
किला क्षेत्र के मोहल्ला कटघर निवासी मायादेवी की मृत्यु 30 अगस्त 2019 को हुई थी। नगर निगम से उनकी मृत्यु का प्रमाणपत्र जारी हो गया, लेकिन तथ्यों को छिपाकर पिपरिया, घाटगांव ग्राम पंचायत से एक और प्रमाणपत्र जारी कराया गया। प्रमाणपत्र के आधार पर 71,187 रुपये मायादेवी के खाते से निकाल लिए गए। अमित कुमार ने शिकायत की तो डीएम ने जांच कराई। सहायक विकास अधिकारी व ग्राम पंचायत अधिकारी ने जांच की रिपोर्ट 30 अक्तूबर 2023 को डीएम के पास भेज दी। इसमें स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि मृत्यु प्रमाणपत्र फर्जी है। डीआरडीए के परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट में प्रमाणपत्र फर्जी होने की पुष्टि हो गई है। संबंधित कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करने के लिए स्पष्ट रिपोर्ट मांगी गई है।



