Bareilly News: 15 मिनट एयरबेस पर ठहरकर रवाना हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
बरेली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को करीब 15 मिनट तक बरेली एयरफोर्स स्टेशन पर मौजूद रहीं। चेंजओवर के बाद पंतनगर के लिए रवाना हो गईं। इस दौरान खुफिया विभाग अलर्ट रहा। पुलिस और प्रशासन के अफसर गतिविधियों की निगरानी करते रहे।
निर्धारित कार्यक्रम से करीब 20 मिनट की देरी से राष्ट्रपति का विमान त्रिशूल एयरबेस पहुंचा। यहां प्रदेश सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने पुष्पगुच्छ प्रदान कर राष्ट्रपति का स्वागत किया। चेंजओवर के बाद राष्ट्रपति वायुसेना के हेलीकॉप्टर से पंतनगर के लिए रवाना हो गईं। शाम सवा चार बजे पंतनगर से बरेली एयरपोर्ट पहुंचकर यहां से देहरादून स्थित जौली ग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गईं।
इस दौरान त्रिशूल एयरबेस की ओर जाने वाले रास्तों पर बड़े वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहा। जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर यातायात रोक दिया गया था। सुबह 11 बजे राष्ट्रपति का विमान एयरबेस पहुंचने से लेकर 11.15 बजे रवानगी तक विलयधाम पर ट्रैफिक थम गया था। इस दौरान एडीजी पीसी मीना, मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान समेत अन्य मौजूद रहे।



