बदायूं

Budaun News: मददगारों को धमका रहा हत्यारोपी, पुलिस पकड़ नहीं पा रही

Connect News 24

बदायूं/उघैती। उघैती थाना पुलिस किसान सुभाष के हत्यारोपियों को तीसरे दिन भी नहीं पकड़ पाई। हत्यारोपी अब कॉल करके सुभाष के नजदीकी लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मंगलवार को हत्यारोपी बेटे सचिन और उसके साथियों ने सुभाष की जमीन के खरीदार समेत कई लोगों को कॉल कर धमकाया। उनसे जमीन के रुपयों का पाई-पाई का हिसाब मांगा। इसकी ऑडियो क्लिप भी सामने आई हैं।

रविवार को उघैती थाना क्षेत्र के गांव शरह बरौलिया में दिनदहाड़े किसान सुभाष शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में चचेरे भाई मुनेश ने सुभाष के बेटे सचिन के अलावा गांव के ही रामबहादुर, रामकिशोर, अनुज और विपिन को नामजद किया है। सुभाष को चार गोलियां मारी गईं थीं। पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में लगातार दबिश देने का दावा कर रही है, लेकिन मंगलवार को पुलिस के यह दावे उस दौरान फेल हो गए जब हत्यारोपियों ने मोबाइल फोन पर कॉल करके सुभाष के कई मददगारों को जान से मारने की धमकी दी।

सचिन ने अपने फुफेरे भाई को कॉल की और पिता की जमीन का हिसाब मांगा। उन्हें हड़काते हुए सभी रुपयों का हिसाब करने को कहा। यह भी कहा कि वह आगे देख लें, वह ऐसे जेल नहीं जाएगा। पहले वह सबका हिसाब करेगा। सचिन ने केवल फुफेरे भाई को ही नहीं जमीन के खरीदार को भी कॉल की। उनसे कहा कि उसके पास 14 लाख रुपये शेष होने की कॉल रिकॉर्डिंग मौजूद है। उन्हें रुपयों का हिसाब करना होगा। सचिन की एक और रिकॉर्डिंग सामने आई है, जिसमें उसने कहा कि ट्रैक्टर किसी और के नाम न कर दें।

भाई बोले- दुश्मनों ने लिया पुरानी रंजिश का बदला

किसान सुभाष शर्मा के भाई अशोक का कहना है कि सुभाष की हत्या में केवल उनके बेटे सचिन का हाथ नहीं है। इसमें कुछ दुश्मन भी शामिल हैं। वह अपनी चाल में कामयाब हो गए। उन्होंने बताया कि हत्यारोपी रामबहादुर के भतीजे मोहित की कुछ समय पहले बिसौली कोतवाली क्षेत्र में हत्या कर दी गई थी। उसमें उनके मझले भाई टेनी का नाम प्रकाश में आया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। तब से वह जेल में है लेकिन हत्यारोपी रामबहादुर उसका बदला लेने के लिए लगातार सचिन को उकसा रहा था। उसने सचिन को बरगलाकर अपनी ओर कर लिया था। रविवार को उन्होंने सचिन के साथ मिलकर सुभाष की हत्या कर दी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button