Rampur News: मंडलायुक्त के नाम से फर्जी आईडी बनाकर मांगे दो लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Wed, 13 Dec 2023 01:44 AM IST
रामपुर। मंडलायुक्त के नाम की फर्जी आईडी लगाकर प्रापर्टी डीलर से दो लाख रुपये की मांग की गई। प्रापर्टी डीलर ने इस मामले में मंडलायुक्त को अवगत कराया। बाद में मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। अब इस मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के मुहल्ला खारी कुआं निवासी रिजवान हुसैन प्रापर्टी की खरीद-फरोख्त करते हैं। उन्होंने पिछले दिनों शिकायत की थी कि पांच दिसंबर को सुबह करीब 11 बजे उनके फेसबुक मैसेंजर एप पर एक मैसेज आया था। मैसेज भेजने वाले ने मंडलायुक्त मुरादाबाद के नाम से फर्जी आईडी लगाई थी। उस पर मंडलायुक्त का फोटो लगा था। बाद में फोन करके दो लाख रुपये की मांग की। उन्होंने मंडलायुक्त को इसकी जानकारी दी। तब पता चला कि किसी ने मंडलायुक्त के नाम से फर्जी आईडी बनाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए मंडलायुक्त की फर्जी आईडी बनाकर ठगी का प्रयास करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उसे गिरफ्तार करने की मांग की थी। अब इस मामले में अब शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शहर काेतवाल मनोज कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है । जांच के बाद ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के नाम से भी कुछ समय पहले कुछ लोगों ने व्हाट्सएप पर फर्जी फोटो लगाकर अफसरों को कॉल की गई थी। साथ ही रुपये की मांग रखी गई थी। इस मामले में सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।


