Rampur News: दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत
रामपुर। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की नींव पड़ चुकी है। मोदी सरकार की गारंटी है कि उनके तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
ग्राम पंचायत नौगवां में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाषण का सजीव प्रसारण देखा। शहर विधायक ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन की सरकार देश को विकास की नई ऊंचाईयों पर लेकर जा रही है। इस दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि जिला प्रशासन पारदर्शी तरीके से पात्र लाभार्थियों तक योजनाएं पहुंचाने में सफल हुआ है। इस अवसर पर शहर विधायक और जिलाधिकारी ने योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही 11 को उनकी जमीनों का मालिकाना हक यानी घरौनी दी। इस मौके पर एसडीएम सदर जगमोहन गुप्ता, चमरौआ ब्लॉक प्रमुख हरिबाला यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता जगपाल यादव, कुंवर बहादुर राजपूत, सोनू लोधी, देवेंद्र सैनी, गौरव अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
शहर विधायक आकाश सक्सेना ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के समापन के बाद ड्रोन उड़ाया और उसी ने गेंहू की फसलों में कीटनाशकों का छिड़काव कर किसानों को दिखाया।


