Rampur News: राजकुमारी दीया कुमारी को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने का स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Wed, 13 Dec 2023 01:47 AM IST
रामपुर। पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने राजकुमारी दीया कुमारी को राजस्थान का उप मुख्यमंत्री बनाए जाने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने दीया कुमारी से बात कर बधाई दी है। पूर्व मंत्री नवेद मियां ने बताया कि राजकुमारी दीया कुमारी जयपुर के ब्रिगेडियर महाराजा सवाई भवानी सिंह और महारानी पद्मिनी देवी की पुत्री हैं। अपनी दादी राजमाता गायत्री देवी का अनुसरण करते हुए राजकुमारी दीया कुमारी 10 सितंबर 2013 राजनीति में प्रवेश किया था। उन्हें जयपुर में गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी और तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई थी। वो जयपुर की विद्याधर नगर विधानसभा सीट से विधायक नवनिर्वाचित हुई हैं। वो पूर्व में विधायक और सांसद रही हैं। नवेद मियां ने बताया कि राजकुमारी दीया कुमारी से उनके पारिवारिक संबंध हैं। उन्हें राजस्थान के उप मुख्यमंत्री का दायित्व मिलने से रामपुर के राजपरिवार को भी खुशी हासिल हुई है। उन्होंने राजकुमारी दीया कुमारी से बात कर उन्हें बधाई दी है।
अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष मुनीश चंद्र शर्मा ने राजस्थान में भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाए जाने का स्वागत किया। कहा कि इस फैसले से ब्राह्मण समाज में हर्ष का माहौल है।इसके लिए हम ब्राह्मण समाज रामपुर की ओर से भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। ब्राह्मण समाज हमेशा से राष्ट्र के प्रति समर्पित रहा है।इसलिए जो राष्ट्र हित की बात करता है ब्राह्मण समाज उसी का समर्थन करता है।


