सच्चा मुसलमान वही जो किसी को तकलीफ न पहुंचाए : रजा
बीसलपुर। मोहल्ला ग्यासपुर में चल रहे दो दिवसीय सालाना जलसा ए गौसिया में शुक्रवार को दूसरे दिन हमीरपुर से आए मौलाना जाकिर रजा ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि सच्चा मुसलमान वह है, जिसकी जुबान और हाथ से किसी को तकलीफ न पहुंचे।
मुख्य अतिथि ने कहा कि गौस ए पाक मुसलमानों को यह शिक्षा दे गए थे कि उनके हाथ और जुबान से किसी को तकलीफ नहीं पहुंचनी चाहिए। बहेड़ी से आए मौलाना मुख्त्यार ने बतौर विशिष्ट अतिथि कहा कि बेटियों को संपत्ति में बराबर का हिस्सा देना चाहिए। इससे दहेज की कुप्रथा खत्म हो जाएगी। गौस ए पाक ही मुस्लिमों को यह संदेश भी दे गए थे।
जलसे में अब्दुल रशीन कदीरी, शम्स तबरेज, सैय्यद नईम आदि शायरों ने गौस ए पाक के जीवन पर रोशनी डालने वाले शेर सुनाए। मुरादाबाद से आए सैय्यद नईम ने गौस ए पाक की शान में मनकबद पढ़ी। हजरत कारी अजीम तहसीनी ने सलातो सलाम पढ़कर जलसे को समापन की ओर पहुंचाया।
जोखनपुर से आए हजरत मौलाना सगीर अहमद ने दुआओं के साथ जलसे का समापन कर दिया। शुक्रवार के जलसे का आगाज हाफिज राशिद ने कलाम पाक की आयत पढ़कर किया था। सदारत बरेली से आए डॉ. काजी फुरकान रजा नूरी और संचालन हजरत नाजिम रजा उस्मानी ने किया। व्यवस्था में अरशद हुसैन कातिब, अरकान, लल्ला भाई, हाफिज इरफान, मुन्ना आदि का सहयोग रहा।



