शिकायतों का गंभीरता से करें निस्तारण : एडीएम

रामपुर। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ नहीं आ सके। इसके चलते एडीएम वित्त एवं राजस्व हेम सिंह ने शिकायतें सुनीं। इस दौरान एडीएम ने अधिकारियों से कहा कि फरियादियों की शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करें, जिससे किसी फरियादी को दोबारा आने की जरूरत न पड़े। शाहबाद तहसील सभागार में लगे संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम के समक्ष राजस्व विभाग की आठ, ब्लॉक की पांच, विद्युत विभाग की तीन, पुलिस विभाग की एक, पूर्ति कार्यालय की दो, नगर पंचायत की तीन, स्वास्थ्य विभाग की एक, समाज कल्याण विभाग की दो समेत कुल 25 शिकायतें पहुंची। इनमें से छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों संबंधित विभागों को सौंप कर जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीएम सुनील कुमार, सीएमओ एसपी सिंह, सीओ अतुल कुमार पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी सूरज कुमारी, बीडीओ नरेंद्र कुमार, एसडीओ महेंद्र सिंह समेत सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


