Rampur News: लोक अदालत में निपटाए जाएंगे 54 हजार वाद

रामपुर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से नौ दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 54 हजार वादों को निपटाने का लक्ष्य रखा गया है। लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं एडीजे द्वितीय विजय कुमार और सचिव रश्मि रानी ने बताया कि लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को लगवाकर उनका निस्तारण सुलह समझौता के आधार पर करवाया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से बैंक मामले, धारा-138 पराक्रम्य लिखित अधिनियम, वसूली वाद आदि सभी सुलह योग्य आपराधिक वादों, सिविल वादों, भूमि अधिग्रहण वादों, मोटर दुर्घटना प्रतिकर के वादों को निपटाया जाएगा।
इसके अलावा पारिवारिक वादों, स्टाम्प वादों, उपभोक्ता फोरम वादों, राजस्व वादों, चकबंदी वादों, श्रम मामलों, नगर पालिका टैक्स वसूली मामलों, विद्युत अधिनियम के अन्तर्गत सुलह योग्य वाद, वन अधिनियम के अंतर्गत प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। छह से आठ दिसंबर के बीच विशेष लोक अदालत के अंतर्गत लघु वाद के मामलों का निस्तारण हेतु विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।
डाॅ. विजय कुमार बने एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश
रामपुर। बिजनौर से स्थानांतरित होकर आए एडीजे डाॅ. विजय कुमार को एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट का पीठासीन अधिकारी बनाया गया है। डाॅ. विजय वर्तमान में स्पेशल जज ईसी एक्ट की भी कोर्ट देख रहे हैं। जनप्रतिनिधियों से जुड़े मुकदमों की सुनवाई एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट में होती है। संवाद


