Pilibhit News: बदलने के बाद फिर फुंक गया ट्रांसफार्मर, जेई का घेराव
उपभोक्ताओं ने एसडीएम से समस्या के समाधान की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। फुंका बिजली ट्रांसफार्मर बदलने के बाद आधा घंटा चलकर फिर फुंक गया। इससे सौ से अधिक घरों, प्रतिष्ठानों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। ऐसे में तीन दिन से बिजली सप्लाई न मिलने, अधिक लोड होने के बाद कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने के विरोध में महिलाओं और अन्य उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पहुंचकर जेई का घेराव कर हंगामा किया। संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर एसडीएम को समस्या की जानकारी दी। एसडीएम ने अधिशासी अभियंता को समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए हैं।
गर्मी बढ़ते ही बिजली आपूर्ति लड़खड़ाने लगी है। ब्लॉक चौराहा पर मोहल्ला गनेशगंज और आसपास क्षेत्र में बिजली आपूर्ति देने को रखा गया 100 केवीए का ट्रांसफार्मर बृहस्पतिवार को फुंक गया। शुक्रवार शाम को ट्रांसफार्मर बदलकर दूसरा लगा दिया गया, लेकिन आधा घंटे बाद बदलकर लगाया गया ट्रांसफार्मर भी फुंक गया।
इससे सौ से अधिक घरों, प्रतिष्ठानों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। तीन दिन में मात्र आधा घंटा बिजली की आपूर्ति मिलने के विरोध में शनिवार को नगर पालिका सदस्य मुकेश गुप्ता के नेतृत्व में उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पहुंचकर जेई का घेराव किया। हंगामा कर रहे उपभोक्ताओं का कहना था कि लोड से कम क्षमता का ट्रांसफार्मर रखा होने से समस्या हो रही है।
जेई उमेश कुमार का कहना था कि क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव दिया जा चुका है, लेकिन इसकी स्वीकृति नहीं मिल सकी है। जेई ने फुंका ट्रांसफार्मर शाम तक बदलवाने और फिर ट्रांसफार्मर के फुंकने पर उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर रखवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद उपभोक्ताओं ने संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर समस्या की जानकारी एसडीएम राजेश शुक्ला को दी। हंगामा, घेराव करने वालों में मीना मदान, विनीता दीक्षित, विम्मी अरोड़ा, रूचि अरोड़ा, सत्यवती, कुमकुम, गुड्डी, सुमित सचदेवा, जहीन खां, शादाब अली, वसीम, मनोज श्रीवास्तव, हसीब, आसिम आदि शामिल थे।
शोपीस बना मोबाइल ट्रांसफार्मर, रोष
हंगामा कर रहे उपभोक्ताओं का कहना था कि नगर को 250 केवीए का मोबाइल ट्रांसफार्मर दिया गया है। ताकि कोई ट्रांसफार्मर खराब होने पर इससे संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारू की जा सके, लेकिन महीनों से मोबाइल ट्रांसफार्मर मोहल्ला बमनपुरी में एक ही स्थान पर खड़ा है। जेई ने मोबाइल ट्रांसफार्मर की ट्राॅली के टायर खराब होने का हवाला दिया।



