UP: सेटेलाइट के बाद अब पेट्रोल पंप पर अराजकतत्वों ने युवक को पीटा, रात में सड़कों पर निकलना दूभर

पेट्रोल पंप पर अराजकतत्वों ने युवक को पीटा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के सेटेलाइट बस अड्डे से पीलीभीत रोड व जंक्शन तक अराजकतत्वों का आतंक कम नहीं हो रहा है। फूहड़ पोशाक पहनकर ये सार्वजनिक स्थलों पर घूम रहे हैं। पिछले सप्ताह पीलीभीत बाईपास पर एक टेंपो चालक की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था। उसके बाद भी पुलिस हरकत में नहीं आई।
अब प्रभा टॉकीज रोड पर पेट्रोल पंप के सामने का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें यही अराजकतत्व एक युवक को जमीन पर गिराकर पीट रहे हैं। सेटेलाइट बस स्टैंड से लेकर सतीपुर तिराहा और बीसलपुर चौराहे तक अराजकतत्वों का जमावड़ा रहता है। यहां से पीलीभीत रोड पर पवन विहार तक और पुराना बस अड्डे व स्टेशन तक ये लोग रातभर धमाचौकड़ी करते हैं।
इसके अलावा रेलवे जंक्शन पर भी ये दिखाई देते हैं। मंगलवार को एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो रविवार रात 12 बजे का बताया जा रहा है। वीडियो में इसी तरह वेशभूषा में दो अराजकतत्व प्रभा टॉकीज के सामने एक पेट्रोल पंप पर एक युवक की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। कार्रवाई तो दूर, पुलिस कभी इन पर सख्ती भी नहीं दिखाती।
रात 11 बजे सुबह 4 बजे तक सड़कों पर निकलना दूभर
पीलीभीत बाईपास, चौकी चौराहा, प्रभा टॉकीज रोड, पुराना बस स्टैंड पर रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक निकलना दुश्वारियों से भरा रहता है। इस दौरान कोई व्यक्ति परिवार के साथ यदि सड़क पर निकल रहा है तो वह खतरे से खाली नहीं है। यह अराजक तत्व छोटी से छोटी बात पर भी बहस शुरू कर देते हैं और उसके बाद सब इकट्ठा होकर मारने लगते हैं।



