बरेली

Bareilly News: मकान बिकाऊ है…लिखकर सौ घरों के बाहर लगाए पोस्टर

Connect News 24

बरेली। कांवड़ यात्रा में बवाल से पहले रास्ते पर धरना प्रदर्शन करने वाले दूसरे समुदाय के लोगों के खिलाफ मंगलवार को बारादरी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद जोगी नवादा में लोगों की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। करीब सौ लोगों ने अपने घरों पर मकान बिकाऊ है… लिखे पोस्टर चस्पा कर दिए। पुलिस अफसरों ने किसी निर्दोष पर कार्रवाई न करने का भरोसा दिया तो अधिकतर लोगों ने पोस्टर हटा लिए।

बारादरी थाने के दरोगा वकार अहमद की ओर से 30 जुलाई के घटनाक्रम को लेकर रिपोर्ट कराई गई। तहरीर में लिखा गया कि कुछ लोग कांवड़ यात्रा लेकर जोगी नवादा होकर कछला गंगा घाट जाने वाले थे। जोगी नवादा में कुछ महिलाएं और पुरुष रास्ता रोककर बैठ गए। इन लोगों ने कांवड़ यात्रा का विरोध किया। समझाने पर भी नहीं माने। ऐसे में माहौल बिगाड़ने की पूरी कोशिश की गई। मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और पुलिस बल को इन्होंने पीछे धक्का दे दिया। बमुश्किल लोगों को हटाया जा सका।

इस मामले में कार्रवाई की भनक लगते ही जोगी नवादा निवासी दूसरे समुदाय के लोगों ने अपने घरों पर पोस्टर चस्पा कर दिए। कुछ जगह कागज पर तो कुछ जगह दीवार पर लिखा गया कि यह मकान बिकाऊ है। पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को इसकी जानकारी हुई तो गलियों में जाकर जानकारी जुटाई। लोगों से बात की तो स्वीकार भी किया कि उन्होंने ही ये लिखा है। कहा कि नई परंपरा को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात कही थी। अब उन्हीं पर मुकदमे दर्ज हो रहे हैं तो यहां रहकर क्या करें।

इस पर एसपी सिटी, सीओ तृतीय से लेकर थाना प्रभारी तक ने इन लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी निर्दोष पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। पुलिस के पास हर घटनाक्रम का वीडियो फुटेज व फोटो मौजूद हैं। उसमें जो खुराफात करता मिलेगा, उसी के खिलाफ चार्जशीट लगेगी। शांतिपूर्ण तरीके से रहने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

खुराफातियों की शह पर किया, पहचान कर रहे

एसपी सिटी राहुल भाटी का कहना है कि जोगी नवादा मोहल्ले के अमन पसंद लोगों पर कार्रवाई नहीं होगी। जो लोग उस दिन पुलिस प्रशासन के कार्य में बाधा डालकर माहौल खराब कर रहे थे, उन्हीं पर कार्रवाई होनी है। पुलिस को पता लगा है कि लोगों को भड़काकर पोस्टर लगवाने के पीछे कुछ शरारती तत्वों का हाथ है। ये लोग कुछ राजनैतिक दलों व लोगों से भी जुड़े हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सर्विलांस व अन्य माध्यम से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इन पर कार्रवाई जरूर की जाएगी। आम नागरिकों को किसी से डरने की जरूरत नहीं है। अधिकतर लोगों को यह बात समझ भी आ गई है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button