Amroha News: युवती से दुष्कर्म करने वाले युवक को 10 साल की कैद
संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
Updated Wed, 19 Jul 2023 02:02 AM IST
रामपुर। केमरी थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ साल पहले युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले युवक को कोर्ट ने दस साल की कैद और 11 हजार रुपये जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई है। कोर्ट ने जुर्माने की धनराशि पीड़िता को देने के लिए आदेश दिए हैं।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने चार नंबवर 2015 को थाना केमरी में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें उसका आरोप था कि गांव के युवक ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। जिससे उसकी बेटी का रिश्ता टूट गया। पुलिस ने विवेचना के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की। इस मामले की सुनवाई एफटीसी प्रथम पूनम कर्णवाल की कोर्ट में हुई। अभियोजन की ओर से सहायक शासकीय अधिवक्ता प्रमोद सागर ने वादी मुकदमा सहित कई गवाहों के बयान दर्ज कराए और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने मोहम्मद हसीन को दोषी मानते हुए 10 साल की कैद और 11 हजार रुपये जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई है। कोर्ट ने जुर्माने की संपूर्ण धनराशि पीड़िता को देने के आदेश दिए हैं।


