Bareilly: कांवड़ यात्रा में फायरिंग का दूसरा आरोपी आनंद वाल्मीकि भी गिरफ्तार, चक महमूद में कराया था बवाल

आरोपी आनंद वाल्मीकि
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के चक महमूद में कांवड़ यात्रा के दौरान फायरिंग कर बवाल कराने का दूसरा आरोपी आनंद गुप्ता उर्फ आनंद वाल्मीकि गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि चक महमूद और जोगी नवादा में कांवड़ यात्रा निकालने के दौरान पहले एक पक्ष ने पथराव किया था। दूसरी बार जत्थे में मौजूद खुराफाती तत्वों ने फायरिंग कर दी थी। वीडियो फुटेज से पहचान की गई तो एक हर्ष पंडित व दूसरा आनंद वाल्मीकि निकला। घटना के बाद दोनों उत्तराखंड व नेपाल बॉर्डर की ओर भाग गए थे।
पिछले दिनों हर्ष पंडित को गिरफ्तार कर लिया गया था। आनंद वाल्मीकि के नेपाल चले जाने की सूचना थी। पुलिस ने उसके परिजनों पर सख्ती की तो गिरफ्तारी का रास्ता आसान हो गया। बारादरी इंस्पेक्टर हिमांशु निगम ने बताया कि आनंद को थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र में ही स्वतंत्रता सेनानी पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर एक 315 बोर तमंचा व कारतूस बरामद कर आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ा ली गई।



