Bareilly News: तिलियापुर में तय रूट से ही निकलेगी कांवड़ यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Sat, 12 Aug 2023 02:26 AM IST
सीबीगंज। तिलियापुर गांव में तय रूट से ही कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। खुराफातियों से सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों में गांव में पहुंचकर हिदायत दी और रूट मार्च किया। शनिवार शाम से गांव में फोर्स को तैनात कर दिया जाएगा।
तिलियापुर से शनिवार को कांवड़ियों का जत्था कछला के लिए रवाना होगा। कांवड़ियों के रास्ते को लेकर दूसरे पक्ष ने विरोध शुरू किया तो हालात तनावपूर्ण हो गए थे। बृहस्पतिवार को दोनों समुदाय के लोगों की थाने में पंचायत हुई थी। तय हुआ था कि सभी कांवड़िये होली चौराहे पर एकत्र होंगे। फिर डीजे के साथ वहां से बैंक के पास ब्रह्मदेव स्थल पर माथा टेककर आगे रवाना होंगे।
उस दौरान दोनों पक्षों में सहमति हो गई थी। शुक्रवार को गांव के कुछ खुराफाती लोगों ने एसएसपी से शिकायत कर पुलिस पर एकतरफा फैसला करने का आरोप लगाया। एसपी सिटी की जांच में आरोप फर्जी पाए गए। इसके बाद एसएसपी ने सीबीगंज पुलिस को खुराफातियों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। उधर, तहसीलदार सदर निरंकार सिंह, नायब तहसीलदार विनीत कुमार, सीओ द्वितीय राजकुमार मिश्रा, इंस्पेक्टर सीबीगंज अशोक कुमार कंबोज पुलिस बल के साथ तिलियापुर पहुंचे। तय रूट का निरीक्षण किया और हिदायत दी कि कांवड़िये जिस रूट से निकलते हैं, उसी रूट से निकलेंगे। नई परंपरा नहीं पड़ने दी जाएगी।



