Azam Khan: मेरे ऊपर लगाए गए सभी तरह के आरोप झूठे, सीतापुर जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दर्ज कराए बयान

आजम खां
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
डूंगरपुर बस्ती में घरों में घुसकर मारपीट व डकैती करने और आपराधिक षड्यंत्र रचने के मामले में सपा नेता आजम खां ने सीतापुर जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अपने बयान दर्ज कराए। सपा नेता ने कहा कि मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप गलत हैं। यह आरोप राजनीतिक विद्वेष के चलते लगाए गए हैं, जो गवाही दी गई है वो भी झूठी है।
इसके बाद कोर्ट ने सुनवाई के लिए 10 जनवरी की तारीख तय कर दी। गंज थाना क्षेत्र के डूंगरपुर बस्ती को खाली कराने के 12 मुकदमे वर्ष 2019 में दर्ज हुए थे। यह सभी मामले बस्ती में रहने वाले लोगों की ओर से दर्ज कराए गए थे। इन मुकदमों में घरों में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, डकैती और आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोप है।
इसमें सपा के पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां, ठेकेदार बरकत अली, रिटायर्ड सीओ आले हसन, फिरोज खां, रानू खां, धर्मेंद्र चौहान, फसाहत अली खां शानू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा आजम खां को आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोपी बनाया गया है।
आरोप है कि आजम खां के इशारे पर अन्य आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। इस मामले में सोमवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सपा नेता आजम खां ने सीतापुर जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये पेश हुए और बयान दर्ज कराए। इसके अलावा बिजनौर जेल में बंद पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये ही बयान दर्ज कराए।
अब आरोपियों के सफाई साक्ष्य पत्रावली लग गई है। सहायक शासकीय अधिवक्ता कुमार सौरभ ने बताया कि अभियोजन की गवाही पूरी हो गई है। आजम समेत सभी आरोपियों के बयान भी दर्ज हो गए हैं। अब इस मामले की सुनवाई दस जनवरी को होगी।
हाईकोर्ट ने केस शीघ्र निस्तारण करने के दिए हैं आदेश
पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद ने जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। जमानत याचिका निरस्त करते हुए हाईकोर्ट ने केस का निस्तारण जनवरी 2024 तक करने के आदेश निचली अदालत को दिए थे। ये आदेश कुछ महीने पहले जारी किया गया था।
दो पासपोर्ट मामले में अब्दुल्ला के होंगे बयान
सपा नेता अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट के मामले में कोर्ट में सोमवार को विवेचक लखपत सिंह की गवाही पूरी हो गई है। यह मामला शहर विधायक आकाश सक्सेना की ओर से सिविल लाइंस थाने में 2019 में दर्ज कराया गया था। वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी अमरनाथ तिवारी व भाजपा विधायक के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि इस मामले में सोमवार को विवेचक लखपत सिंह की गवाही पूरी हो गई। अब इस मामले में 10 जनवरी को अब्दुल्ला के बयान दर्ज होंगे।
आजम की अपील पर 10 को होगी सुनवाई
नफरती भाषण के मामले में दो साल की सजा के खिलाफ दाखिल की गई सपा नेता आजम खां की अपील पर सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की सुनवाई 10 जनवरी को होगी। सपा नेता आजम खां को शहजादनगर थाने में दर्ज नफरती भाषण के मामले में एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट ने पिछले साल दो साल की सजा सुनाई थी।
सजा के खिलाफ आजम ने सेशन कोर्ट में अपील दायर की थी, जिस पर सुनवाई चल रही है। सोमवार को इस मामले सुनवाई होनी थी, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की सुनवाई 10 जनवरी को होगी।