बरेली कॉलेज: संघर्ष के दम पर तय किया 186 साल का सफर, एतिहासिक विरासत को संजोए है ये शिक्षण संस्थान

बरेली कॉलेज
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
एतिहासिक विरासत को संजोए बरेली कॉलेज का 17 जुलाई यानि सोमवार को 186वां स्थापना दिवस है। कॉलेज का यह 186 वर्षों का सफर संघर्ष और सफलता से भरा है। जब भी कॉलेज के अस्तित्व पर संकट मंडराया, जनसहयोग से यह दोबारा और निखरकर सामने आया। अब कॉलेज में नई शिक्षा नीति के तहत अध्ययन हो रहा है। नैक मूल्यांकन कराने की भी तैयारी है।
बरेली कॉलेज के अभिलेखों के मुताबिक वर्ष 1837 में नौमहला मस्जिद के पास एक सरकारी स्कूल के रूप में बरेली कॉलेज की शुरुआत हुई थी। पहले वर्ष 57 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया और रोजर्स इसके पहले हेडमास्टर रहे। फिर 1857 की क्रांति की आग बरेली कॉलेज तक पहुंची।
1859 में हुई थी पुनर्स्थापना
क्रांतिकारियों ने प्राचार्य डॉ. कारलोस बक की हत्या कर दी और कॉलेज बंद हो गया। वर्ष 1859 में कॉलेज की पुनर्स्थापना हुई। वर्ष 1877 में आर्थिक संकट के चलते कॉलेज बंद हुआ था। तब उप प्राचार्य पंडित छेदालाल के प्रयासों से जयपुर के राजा जगत सिंह की अध्यक्षता में कॉलेज के फिर से संचालन के लिए सेंट्रल कमेटी बनी थी।



