Bareilly: रात में घर पहुंची प्रेमिका, सुबह फंदे से लटका मिला प्रेमी का शव, पुलिस जांच में सामने आई ये बात

जावेद का फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र के गुलड़िया अता हुसैन गांव में एक युवती शादी की जिद लेकर अपने प्रेमी के दरवाजे के बाहर धरने पर बैठ गई। इसको लेकर प्रेमिका और युवक के घरवालों में मारपीट भी हुई। कुछ देर बाद युवक का शव एक खाली पड़े मकान में फंदे से लटका मिला। युवक के परिवार वालों ने प्रेमिका के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, प्रेमिका पक्ष का कहना है कि वह शादी के लिए तैयार थे। युवक का रिश्ता सितारगंज की एक युवती से तय हो गया था। उसके परिवार वाले शादी का दबाव बना रहे थे। इसी वजह से उसने फंदे से लटक कर जान दे दी।
सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कह रही है। युवक के मां अख्तरी बेगम ने पुलिस को तहरीर भी दी है। उन्होंने बताया कि बेटे जावेद (24) का निकाह सितारगंज की युवती से तय किया था। गांव की एक युवती जबरन उससे निकाह करना चाहती थी। मना करने पर भी नहीं मानी। रविवार रात वह दरवाजे पर आकर बैठ गई। उसके परिवार वालों को बुलाकर उसे वहां से ले जाने के लिए कहा गया मगर वह तैयार नहीं हुई।
युवती के परिजनों पर लगाया आरोप
युवती के परिजनों ने दरवाजे पर हंगामा किया। समझाने की कोशिश करने पर उसे पीटा गया। इसके बाद वह लोग बेटे को पीटते हुए अपने साथ ले गए। कुछ समय बाद एक मकान में उसका शव लटका मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या करने के बाद बेटे का शव फंदे से लटकाया गया है। वहीं, प्रेमिका के परिजनों का कहना है कि वह लोग शादी के लिए तैयार थे। जावेद के परिवार वाले उसकी शादी दूसरी जगह कराना चाहते थे। इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली। अब उनके ऊपर झूठा आरोप लगाया जा रहा है।


