Bareilly News: टहनी गिरने से लाइन टूटी, 1.50 लाख लोगों की बिजली उड़ी
बरेली। बूंदाबांदी और तेज हवाओं के कारण शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे सीबीगंज से आने वाली 33 केवी की लाइन पर पेड़ की टहनी गिर गई। इससे सुभाषनगर और मढि़नाथ उपकेंद्रों के 10 फीडरों से आपूर्ति ठप हो गई। दोनों इलाकों में 30 हजार से ज्यादा घरों की बिजली गुल हो गई। तीन बजे के बाद आपूर्ति सुचारु की जा सकी।
हालांकि, हल्की बारिश की वजह से तापमान में गिरावट रही। इस वजह से कटौती से ज्यादा परेशानी नहीं हुई। सुभाषनगर में पिछले तीन दिन से लोकल फाल्ट के कारण बार-बार कटौती से लोग परेशान हैं। शुक्रवार रात में भी लाइन टूटने के कारण करीब तीन घंटे तक आपूर्ति ठप रही थी। इस कारण लोगों के सामने पानी की समस्या अधिक रही। एसडीओ महेंद्र सिंह ने बताया कि लाइन ठीक कर समय रहते आपूर्ति को सुचारु कर दी गई है। करीब 22 किमी की 33 केवी लाइन की लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
एचटी लाइन टूटने औद्योगिक क्षेत्र की आपूर्ति ठप
शनिवार दोपहर दो बजे खंभे में ट्रक की टक्कर से 11,000 केवी की लाइन टूट गई। इससे परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शाम छह बजे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। चार घंटे बिजली न रहने के कारण कारखानों में काम रुक गया। आसपास के इलाकों में भी आपूर्ति प्रभावित हुई। पोल टूटने के मामले में ट्रक चालक के खिलाफ बिजली निगम के जेई की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
किला, महानगर, जगतपुरा में भी लोकल फाल्ट
बारिश और तेज हवाओं के कारण शहर में कई अन्य स्थानों पर भी ट्रिपिंग और बिजली कटौती के साथ लो वोल्टेज की समस्या रही। तापमान में कुछ गिरावट आने के बाद बिजली की मांग में भले ही कुछ कमी आई हो, लेकिन लो वोल्टेज की समस्या दूर नहीं हुई है। महानगर कॉलोनी और किला क्षेत्र में ट्रिपिंग होती रही। बड़ा बाजार, छोटी विहार, लक्ष्मीपुरम, कटरा चांद खां, जगतपुरा में दोपहर में दो से तीन घंटे की बिजली कटौती की गई।
वर्जन-
बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर लोकल फाल्ट हुए थे। सुभाषनगर क्षेत्र में 33 केवी लाइन टूटने से समस्या रही। जहां से भी शिकायतें आ रही हैं उनको दूर कराया जा रहा है। बिजली आपूर्ति सामान्य है।- राजीव कुमार शर्मा, मुख्य अभियंता



