Bareilly News: हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर 11 साल की लड़की पर गिरा, करंट लगने से मौत

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में दर्दनाक घटना घटित हुई है। गांव अगरास में हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से 11 साल की बच्ची सोकिया पुत्री जाहिद हुसैन की करंट से झुलस कर मौत हो गई। गांव के बाहर उसका घर है, जिनके ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है।
जानकारी के मुताबिक सोकिया शुक्रवार को गांव के बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर उसके ऊपर गिर गया। उसके साथ खेल रहे बच्चे बाल बाल बच गए और शोर मचाते हुए घर की तरफ भाग गए।
जब तक सोकिया के परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। करंट लगने से उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। सोकिया की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना पर ग्रामीणों ने रोष जताया।



