Bareilly News: सिविल सेवा परीक्षा की पहली सीढ़ी 14,624 अभ्यर्थियों ने की पार
नई दिल्ली। आईएएस-आईपीएस सहित सरकार के विभिन्न विभागों में वरिष्ठ अधिकारी बनने का सपना देखने वाले 14,624 अभ्यर्थियों ने केंद्रीय लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2023 पास कर ली है। आयोग ने सोमवार को इसका परिणाम जारी किया। परीक्षा 28 मई को हुई थी।
सफल अभ्यर्थियों के क्रमांक, रोल नंबर व नाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए गए हैं। आयोग ने बताया कि यह सालाना परीक्षा तीन चरण में होती है, प्रारंभिक, मुख्य और अंत में साक्षात्कार। चुने गए अभ्यर्थियों को उनके वरीयता क्रम के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) जैसी सेवाओं में अहम पदों पर नियुक्त किया जाता है।
आयोग ने ये 3 अहम जानकारियां भी दीं
1. भरना होगा विस्तृत आवेदन पत्र -1 : सफल अभ्यर्थियों की सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2023 के लिए उम्मीदवारी अभी अनंतिम है। परीक्षा नियमों के तहत इन सभी को पुनः: आवेदन करना होगा। इसके लिए विस्तृत आवेदन पत्र – 1 (डीएएफ-1) भरना होगा। डीएएफ-1 भरने की तारीखें, जरूरी निर्देश व जमा करने की समय सीमा आने वाले समय में आयोग की वेबसाइट पर घोषित होंगी।
2. कट-ऑफ आखिरी परिणाम के बाद : सभी परीक्षार्थियों को प्रारंभिक परीक्षा 2023 में मिले अंक, कट ऑफ अंक व उत्तर कुंजी आयोग की वेबसाइट पर जारी होंगे। इसे सिविल सेवा परीक्षा 2023 की प्रक्रिया पूर्ण होने यानी अंतिम परिणाम निकालने के बाद जारी किया जाएगा।
3. स्पष्टीकरण के लिए सुविधा काउंटर बनाए : आयोग ने शाहजहां रोड स्थित अपने परिसर के धौलपुर हाउस में बने परीक्षा कक्ष पर एक सुविधा केंद्र बनाया है। अभ्यर्थी यहां से विभिन्न जानकारियां व स्पष्टीकरण के ले सकते हैं। इसके लिए सप्ताह के सभी कार्यदिवस पर सुबह 10 से 5 बजे तक अभ्यर्थी व्यक्तिगत रूप से आ सकते हैं। फोन नंबर 011-23385271, 011-23098543 और 011-23381125 पर संपर्क करके भी जानकारी ले सकते हैं।



