रामपुर

Rampur News: . शाहबाद में बेटियों की डोली उठने से पहले पिता की मौत

Connect News 24

शाहबाद (रामपुर)। जगेसर गांव में दो बेटियों की डोली उठने से पहले पिता की मौत हो गई। गमगीन माहौल में दोनों बेटियों का कन्यादान भाई ने किया।

सोमवार दिन में शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के जगेसर गांव निवासी प्रेमराज (55) की बेटी रचना की बरात शाहबाद के नईमगंज गांव से आई थी। दूसरी बेटी स्वाति की बरात भी जनपद बरेली के थाना आंवला क्षेत्र के भजनई गांव से आई हुई थी। सोमवार दिन में दोनों बेटियों की शादी शामिल होने के लिए मेहमान आए हुए थे।

दोनों बेटियों की बरात में आए हुए लोगों ने भोजन किया। इसके बाद शादी की रस्में शुरू हुई। पहले रचना की शादी की रस्में अदा की जा रही थी। बेटी रचना के जयमाला के दौरान पिता प्रेमराज की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इस पर बेटा ब्रजभान अन्य परिवार वालों के साथ पिता को लेकर शाहबाद सीएचसी लेकर पहुंचा। सीएचसी में तैनात चिकित्सकों ने प्रेमराज को मृत घोषित कर दिया।

परिवार के लोग प्रेमराज के शव को घर ले गए। एक तरफ प्रेमराज के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी तो दूसरी ओर बेटी स्वाति की जयमाला और रचना की विदाई की तैयारी की जा रही थी।

पिता की मौत के बाद दोनों बेटियों को घर से दूर ले जाया गया और वहां पर बाकी बची हुई रस्मों को अदा किया गया। पहले ब्रजभान नें अपनी बहनों का कन्यादान किया। उसके बाद पिता के शव के अंतिम संस्कार में जुट गया। दोनों बेटियों की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। प्रेमराज की मौत के बाद से बेटियों के आंसू नहीं थम रहे थे। परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button