Bareilly News: शिलान्यास के दो माह बाद भी शुरू नहीं हुआ ओवरब्रिज निर्माण
रीदपुर। पितांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए 51.37 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। एक अप्रैल को लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने ओवरब्रिज का शिलान्यास किया था। 11 महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य है इसके उलट अब तक यहां काम शुरू नहीं हुआ है। ट्रैक के ऊपर वाले हिस्से के निर्माण के लिए रेलवे की ओर से डिजाइन को मंजूरी न मिलने की वजह से काम में देरी की बात कही जा रही है।
इस क्रॉसिंग से प्रतिदिन एक लाख से अधिक लोग आवागमन करते हैं। यहां से बड़ी संख्या में ट्रेनें भी गुजरती हैं। बार-बार क्रॉसिंग को बंद करना पड़ता है। इसके चलते दिनभर यहां जाम लगा रहता है। जाम की समस्या खत्म करने के लिए लंबे समय से क्षेत्र के लोग मांग कर रहे थे। जनप्रतिनिधियों ने भी पैरवी की।
बीते दिनों 620.65 मीटर लंबे टूलेन ओवरब्रिज के लिए 51.37 करोड़ रुपये मंजूर किए। एक अप्रैल को सीएएस इंटर कॉलेज ग्राउंड पर शिलान्यास के दौरान लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने 11 महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य अधिकारियों को दिया था। अब रेलवे ट्रैक के ऊपर के हिस्से के निर्माण को लेकर पेंच फंस गया है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक के ऊपर के हिस्से का निर्माण रेलवे को करना है। इसका अब तक डिजाइन फाइनल नहीं हुआ है। इस वजह से निर्माण में देरी हो रही है। अब तक काम शुरू नहीं होने से समय पर निर्माण पूरा होने के आसार नजर नहीं आ रहे। लोगों को भी परेशानी हो रही है।
वर्जन:
ट्रैक के ऊपर के हिस्से का निर्माण रेलवे को करना है। यह कार्य रेलवे की कार्ययोजना में शामिल नहीं हो पाया था। रेलवे अधिकारियों से समन्वय बनाकर मंजूरी दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द निर्माण शुरू किया जाएगा।- अरुण कुमार, अपर परियोजना प्रबंधक सेतु निगम



