Bareilly News: पुराना शहर में तख्त-ओ-तजियों की धूम
बरेली। मुहर्रमदारी का सिलसिला शबाब पर पहुंचने लगा है। शहर के तमाम मोहल्लों में तख्त-ओ-ताजिये के जुलूस और अलम की गश्त करती टोलियां नजर आ रही हैं।
पुराना शहर के कई इलाकों में जुलूस निकाले गए। ढोल-नगाड़ों पर की धुन पर मातम करते लोग या हुसैन की सदाएं बुलंद करते रहे। शाहदाना, कांकरटोला, चक महमूद, मीरा की पैठ, बुखारपुरा, सहसवानी टोला, सैलानी, जोगी नवादा आदि इलाकों में अजादारी का सिलसिला रहा। रात में शाहदाना चौक में पुराना शहर के कई इलाकों के तख्त एकत्र हुए। यहां इमाम हुसैन के चाहने वालों ने पहुंच कर जियारत की। कई जगह पर लोगों ने लंगर भी लगाया।
फोटो
अस्सी वर्ष पुराना हमीदी दरबार खुला
छोटी बमनपुरी में परंपरा के मुतबिक 80 वर्ष पुराने तख्त और अलम के लिए हमीदी दरबार खोल दिया गया है। मुतवल्ली हामिद अली बब्बू मियां ने बताया कि 9 मोहर्रम को रात 9 बजे के बाद खीर के मन्नती प्याले रखे जाएंगे।
फोटो
कर्बला के शहीदों की याद में लगाई सबील
जनसेवा टीम और शमा वेलफेयर सोसाइटी की ओर से नावल्टी चौराहा पर कर्बला के शहीदों की याद में सबील लगाई गई। इसमें राहगीरों को शर्बत आदि का वितरण किया गया। टीम से अध्यक्ष पम्मी खान वारसी, हज सेवा समिति के महासचिव अनीस बेग, सोसाइटी के अध्यक्ष शादाब रजवी, डॉ. सीताराम राजपूत, मोहम्मद एजाज, सैयद हामिद अली, मोहम्मद फैजी, मोहम्मद कासिम, हाजी साकिब रजा खां कादरी आदि मौजूद रहे।
ठिरिया में निकला ताजियों का जुलूस
बरेली। ठिरिया निजावत खां में तख्त-ओ-ताजियों का जुलूस निकाला गया। यह जुलूस ईदगाह से शुरू हुआ। इसमें सलीम खां का तख्त मसीतगंज गौटिया, तख्त शेखान, अंसारी वाला तख्त, दर्जी वाला तख्त, मंसूरी तख्त के अलावा नगर पंचायत के छोटे-छोटे तख्त अपने-अपने इमामबाड़े से उठ कर जुलूस में शामिल हुए। मोहर्रम की 10 तारीख को ये तख्त मोहनपुर से उमरिया कर्बला पहुंचेंगे। तखतदारों ने पैगाम हुसैन सामाजिक संस्था के पदाधिकारियों के सिर पर पगड़ी बांध कर सम्मानित किया। संस्था के संस्थापक हकीम आहिद हुसैन, अध्यक्ष डॉ. अख्तर आफाक खान, नगर पंचायत चेयरमैन इमरान खान आदि मौजूद रहे। संवाद



