Bareilly News: 358 क्रय केंद्र मंजूर, पहली अक्तूबर से होगी धान खरीद
बरेली। धान की सरकारी खरीद 2183 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मंडल में 378 क्रय केंद्रों पर होगी। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने सोमवार को तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि एक अक्तूबर से 31 अप्रैल तक खरीद की जाएगी। आरएफसी और आरएमओ जरूरी व्यवस्थाएं करेंगे।
मंडलायुक्त ने बताया कि बरेली में 130, बदायूं में 44, पीलीभीत में 118 और शाहजहांपुर में 86 क्रय केंद्र खोले जा रहे हैं। पिछले साल 534 क्रय केंद्र थे। एक सप्ताह में शेष केंद्र भी बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर में खोलने के निर्देश दिए हैं। किसानों को उनकी मेहनत के बदले समर्थन मूल्य का लाभ दिलाया जाएगा। पिछले वर्ष सरकारी समर्थन मूल्य ₹2040 प्रति क्विंटल था। प्रदेश सरकार ने 143 रुपये समर्थन मूल्य बढ़ा दिया है।
1568 किसानों ने कराया पंजीकरण
क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि मंडल में 1568 किसानों ने अभी तक पंजीकरण कराया है। बरेली में 1054, बदायूं में 55, पीलीभीत में 253, शाहजहांपुर में 206 किसानों का पंजीकरण हुआ है। पिछले साल 1,17,644 किसानों से 8,48,284 मीट्रिक टन खरीद की गई थी। खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट https://fcs.up.gov.in के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण कराने वाले किसानों का ही धान खरीदा जाएगा। गैर पंजीकृत किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ नहीं मिलेगा। ब्यूरो



