Bareilly News: कचनारी गांव की गोशाला में दो गायों की मौत
रिछा। कचनारी गांव की गोशाला में फैली अव्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो रहा। सोमवार को यहां फिर दो गायों की मौत हो गई। आए दिन गायों की मौत के बाद भी जिम्मेदार सुध नहीं ले रहे हैं।
रविवार को गोशाला में गायों की मौत को लेकर हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों ने हंगामा करते हुए ग्राम प्रधान पर गायों की हत्या करने का आरोप लगाया था। सूचना पर बीडीओ आनंद विजय यादव भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने जांच कराने की बात कही है। सोमवार को फिर से यहां दो गायों की मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि गोशाला में अव्यस्थाएं हावी हैं। यहां रखे गए पशुओं को ठीक से चारा भी नहीं दिया जाता। भूख की वजह से आए दिन गायें दम तोड़ रही हैं। ग्रामीणों ने पशु चिकित्सा अधिकारी पर भी गोशाला का निरीक्षण न करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विमलेश गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने नियमित निरीक्षण की बात कही।
मामले में बीडीओ ने ग्राम प्रधान को नोटिस भी दिया है। सोमवार को ग्राम पंचायत की ओर से गोशाला के लिए जाने वाले रास्ते को जेसीबी से ठीक कराया। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष बाबूराम गंगवार ने बताया कि लापरवाही की वजह से गोशाला में गायों की मौत हो रही है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।



