Bareilly News: निकाय चुनाव के लिए मंगाई गई 510 पेटी अवैध शराब बरामद, चार गिरफ्तार
बरेली। नगर निकाय चुनाव में रुपये और शराब का खूब इस्तेमाल हो रहा है। शराब माफिया हरियाणा से सस्ती अंग्रेजी शराब मंगाकर यहां प्रत्याशियों को उपलब्ध करा रहे हैं। सीबीगंज पुलिस ने ऐसा ही एक ट्रक पकड़कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ट्रक में 510 पेटी अंग्रेजी शराब भूसी की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी थी। पुलिस ने एक कार भी बरामद की है।
परसाखेड़ा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार रात वह झुमका तिराहे पर गश्त कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर आबकारी टीम भी वहां पहुंच गई। फतेहगंज पश्चिमी टोल से निकले इस ट्रक को रोका तो उसमें बैठे तस्कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में एक ने अपना नाम अमर सिंह निवासी कुआंखेड़ा बिलासपुर जिला रामपुर बताया। उसने बताया वह ट्रक चला रहा था। ट्रक में नितिन गुप्ता निवासी नकटिया कैंट व विकास गुप्ता निवासी डिफेंस कॉलोनी नकटिया कैंट बैठे थे। ट्रक से मैकडॉवेल नंबर बन ब्रांड की 507 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
ड्राइवर अमर सिंह ने बताया कि यह शराब आगे चल रही कार में बैठे संतोष पटेल निवासी चनेहटा कैंट बरेली, राजीव पटेल निवासी कंथरिया बिथरी चैनपुर, सोनू सिंह निवासी सुरेश शर्मा नगर व टिंकू लाला निवासी संजय नगर की हैं। कार में उनका साथी मनोज शर्मा निवासी जयंत एंक्लेव नकटिया बैठा है। सैंपल में दिखाने के लिए तीन पेटी शराब भी उसी कार में रखी है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोका तो उसमें बैठे लोग पुलिस को देख भाग गए। हालांकि मनोज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद शराब यूनाइटेड स्प्रिट लिमिटेड चंडीगढ़, डिस्टलर्स एंड बटलर्स लिमिटेड बनूर, डिस्ट्रिक्ट एसएएस नगर मोहाली पंजाब अंकित है। ट्रक पर पड़ा नंबर लोडर टेंपो का है।
टोल से ट्रक के निकलते ही सीबीगंज पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जानकारी मिली है कि बरेली होते हुए आगे किसी शहर में इस शराब को निकाय चुनाव में खपाया जाना था। बाकी आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी। – राहुल भाटी, एसपी सिटी


