Bareilly News: 62 सौ किसानों की ई-केवाईसी नहीं, फंस सकती है किस्त
पीलीभीत। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 15वीं किस्त से जिले के करीब 62 सौ किसान वंचित रह सकते हैं। कारण है कि उनकी अब तक ई-केवाईसी नहीं हो सकी है। इसको लेकर डीएम ने समीक्षा कर संबंधित विभाग के अधिकारियों को समय से अपडेट कराने के निर्देश दिए हैं।
बैठक के दौरान उप कृषि निदेशक ने बताया कि जिले में 315318 कृषकों को पीएम किसान निधि का लाभ मिल रहा है। शासन द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 15वीं किस्त के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य है। अब भी जनपद में 62000 कृषक ऐसे हैं जिनकी ई-केवाईसी अपडेट नहीं है। इसलिए विकास खंड स्तरीय कृषि बीज भंडार पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके बाद भी किसान इसमें रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विकासखण्ड अमरिया में 6160, मरौरी में 6357, ललौरीखेड़ा में 4589, बरखेड़ा 4634, बीसलपुर में 4613, बिलसंडा में 5389 व पूरनपुर में 14884 ई-केवाईसी अवशेष हैं। इसके अलावा अमरिया में 2090, मरौरी में 2756, ललौरीखेडा 2467, बरखेड़ा में 1380, बीसलपुर में 1443, बिलसंडा में 1572, पूरनपुर में 3946 के आधार फीड नहीं हैं। तहसील स्तर पर अमरिया में 2427, बीसलपुर में 11610, पीलीभीत में 4353, कलीनगर में 2670 व पूरनपुर में 5394 लैंड सीडिंग अवशेष हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, एलडीएम, डीसी मनरेगा, कृषि अधिकारी मौजूद रहे।



