Bareilly News: दो दिन में 70 मिमी बारिश, बेअसर रही धूप
बरेली। बृहस्पतिवार को दिनभर और शुक्रवार सुबह दो घंटे की तेज बारिश ने शहर को भिगोया। दो दिन में 70 मिमी हुई बारिश से हवा में नमी सौ फीसदी तक पहुंच गई है। लिहाजा, धूप बेअसर रही। मौसम विभाग ने अगले चार दिन बारिश की संभावना जताई है।
बृहस्पतिवार की देर रात घने बादल मंडराते रहे। न्यूनतम तापमान एक डिग्री गिरावट के बाद सामान्य से तीन डिग्री कम 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। निम्न वायुदाब का क्षेत्र बनने पर शुक्रवार सुबह 5:30 से 8 बजे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद आसमान साफ हुआ। चटक धूप निकली, मगर हवा में घुली सौ फीसदी नमी से बेअसर रही। अधिकतम तापमान करीब तीन डिग्री बढ़त के बाद सामान्य से चार डिग्री कम 30.9 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। शाम को फिर बादल घिरने लगे।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानूसन सक्रिय है। बारिश के बाद बने उच्च वायुदाब से अनुकूल माहौल प्रभावित होता है। हालांकि, निम्न वायुदाब क्षेत्र बनने पर अगले तीन दिन तक हल्की व तेज बारिश के आसार हैं।
जिला अस्पताल में जलभराव से जूझे मरीज
बारिश के बाद जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय परिसर में जलभराव की स्थिति बन गई। सुबह ओपीडी, इमरजेंसी में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों समेत अन्य कार्यों के लिए आए लोगों को दूषित जल से होकर गुजरना पड़ा। अफसर और कर्मचारी भी जलभराव से होकर गुजरे। बीमार, बुजुर्ग और बच्चों को गोद में लेकर पार कराना पड़ा। स्ट्रेचर पर मरीज भी इसी रास्ते से गुजरे। सीएमएस डॉ. अलका शर्मा के मुताबिक अचानक तेज बारिश से जलभराव की स्थिति बनी। जलनिकासी धीमी गति से होने से कुछ देर जलभराव रहा।
मौसम इनपुट
अधिकतम : 30.9
न्यूनतम : 23.7
पूर्वानुमान : दिन में हल्की धूप निकलेगी। हल्की, मध्यम बारिश की संभावना है।
सूर्योदय : 5:21
सूर्यास्त : 7:13



