Bareilly News: 800 करोड़ की धनतेरस… बाजार पर धनवर्षा, घरों में पधारीं मां लक्ष्मी

ज्वेलरी शोरूम में ग्राहकों की भीड़
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में धनतेरस पर उम्मीदों के साथ ग्राहकों के स्वागत के लिए सजे बाजार पर करीब 800 करोड़ रुपयों की धनवर्षा हुई। इससे कोरोना महामारी और मंदी की मार से सिमटा बाजार खिल उठा। सराफा, वाहन समेत सभी सेक्टर में बंपर बिक्री हुई। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि चार साल पहले कारोबार की जो स्थिति थी, उसके मुकाबले अब दोगुना कारोबार हुआ।
कारोबारियों के मुताबिक कोरोना के चलते दो साल पहले महज दो सौ से तीन सौ करोड़ का कारोबार हो रहा था। बीते साल से स्थितियां सुधरीं, लेकिन इस साल ग्राहकों ने रिकॉर्ड खरीदारी की। इससे प्रतीत होता है कि सिर्फ बाजार ही पहले की तरह नहीं संभला, बल्कि लोगों के खर्च की क्षमता भी बढ़ी है। इसने महंगाई के बावजूद लोगों को बाजार तक पहुंचाया। बीते साल के आंकड़ों पर गौर करें तो वर्ष 2018 में धनतेरस का बाजार 321 करोड़ रुपये रहा।
वर्ष 2019 में महंगाई की मार पड़ी तो बाजार 270 करोड़ पर ही सिमटा था। फिर 2020 में कोरोना महामारी हावी रही आैर कारोबार 175 करोड़ तक गिर गया। वर्ष 2021 में 350 करोड़ का कारोबार था। बाद में 2022 में 650 करोड़ के आसपास और अब 800 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। आगे भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है।



