Bareilly News: सावधानी हटी तो खाली हो जाएगा खाता
फरीदपुर। सीएएस इंटर कॉलेज के 30 छात्र मंगलवार को फरीदपुर थाने का भ्रमण करने पहुंचे। सीओ गौरव सिंह ने छात्रों को सोशल मीडिया से हो रहे अपराध व उससे बचने के तरीकों के बारे में बताया। साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने को कहा।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम के तहत फरीदपुर थाने पहुंचे छात्रों ने पुलिस के कामकाज के तरीके भी जाने। इंस्पेक्टर क्राइम सत्य सिंह ने महिला हेल्प डेस्क, कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, पुरुष बंदीगृह आदि के बारे में बताया। सीओ गौरव सिंह ने कहा कि युवाओं को सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सचेत रहना चाहिए। किसी भी पोस्ट पर विवादित कमेंट ना करें।
सोशल मीडिया से हो रहे फ्रॉड और अपराधिक गतिविधियों से बचकर रहे। थाने आने में बिल्कुल संकोच ना करें न ही भयभीत हो। पुलिस जनता की मित्र है। लॉटरी के नाम पर लोगों के साथ ठगी हो रही है, किसी व्यक्ति द्वारा फोन या मैसेज आए कि उसकी लॉटरी लग गई है तो उस पर भरोसा ना करें। इंस्पेक्टर क्राइम सत्य सिंह ने बताया की किसी अनजान नंबर से वीडियो कॉल आए तो उसे उठाएं नहीं। हनी ट्रैप गैंग सक्रिय हैं, वह वीडियो कॉल करके हनी ट्रैप के मामले में फंसा कर ब्लैकमेल करते हैं।
इस मौके पर पुलिस कांस्टेबल कृष्णा कुमार, स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. राजेश कुमार शर्मा, अध्यापक गिरीश चंद्र शर्मा, छात्र अभिराज, लोकेश, प्रभात यादव, अमन कुमार, नितिन कुमार, तेज प्रकाश आदि मौजूद रहे।



